जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चम्पावत के तत्त्वावधान में “सुरक्षित बचपन अभियान”

चम्पावत ,

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चम्पावत के तत्त्वावधान में “सुरक्षित बचपन अभियान”

के तृतीय दिवस पर यूनिवर्सल पब्लिक स्कूल, खर्ककार्की में आयोजित हुआ विधिक जागरूकता कार्यक्रम* माननीय राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली के दिशा-निर्देशों के अनुक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चम्पावत द्वारा दिनांक 26.10.2026 से 31.10.2026 तक राष्ट्रीय स्तर पर “सुरक्षित बचपन अभियान” के अंतर्गत विशेष साप्ताहिक जागरूकता अभियान आयोजित किया जा रहा है। जानकारी देते हुए वरिष्ठ सहायक विधिक सेवा प्राधिकरण समीर चौधरी ने बताया कि इस अभियान के तृतीय दिवस पर बुधवार को श्रीमती रश्मि गोयल, सिविल जज (सीडीओ), चम्पावत की उपस्थिति में तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चम्पावत के पीएलवीगण के सहयोग से यूनिवर्सल पब्लिक स्कूल, खर्ककार्की, चम्पावत में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान श्रीमती रश्मि गोयल, सिविल जज (सीडीओ), चम्पावत द्वारा छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए बच्चों को उनके मौलिक कानूनी अधिकारों और सुरक्षात्मक प्रावधानों के साथ लैंगिक अपराधों से बाल संरक्षण अधिनियम, पोक्सो अधिनियम- 2012, इंटरनेट व सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले ऑनलाइन शोषण, साइबर अपराधों, और दुर्व्यवहार के प्रति जागरूक व सजग रहने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही बच्चों को इंटरनेट का सुरक्षित उपयोग करने तथा किसी भी प्रकार के दुर्व्यवहार की स्थिति में बिना डरे शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया। इसके साथ ही, जनपद चम्पावत के समस्त पीएलवीगण द्वारा भी जिले के विभिन्न विद्यालयों में विधिक जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया तथा राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली की ओर से संचालित योजनाओं एवं निःशुल्क विधिक सहायता की विस्तृत एवं व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई। इस विधिक जागरूकता कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन विभाग, जिला समाज कल्याण विभाग, बाल कल्याण समिति, चम्पावत से नामित अधिकारियों एवं पुलिस प्रशासन की भी विशेष उपस्थिति रही।

kamal bhandari editor in chief.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *