चंपावतI जिले के बड़े-बड़े शो-रूम और एजेंसियों में बाहरी व्यक्तियों के बिना पुलिस सत्यापन के काम करने का मामला सामने आया है। इस स्थिति ने स्थानीय स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंताएं खड़ी कर दी हैं।
जानकारी के अनुसार,जिले के कई प्रतिष्ठित शो-रूम, ऑटोमोबाइल एजेंसियों और अन्य बड़े व्यापारिक प्रतिष्ठानों में ऐसे कर्मचारी कार्यरत हैं, जिनका न तो पुलिस सत्यापन कराया गया है और न ही किसी प्रकार का आधिकारिक रिकॉर्ड रखा गया है। इन कर्मचारियों में अधिकांश लोग बाहरी राज्यों से आए हुए बताए जा रहे हैं।
स्थानीय प्रशासन के नियमों के अनुसार, किसी भी संस्था या व्यवसायिक प्रतिष्ठान में काम करने वाले बाहरी व्यक्ति का पुलिस सत्यापन अनिवार्य होता है। इसके बावजूद नियमों की अनदेखी कर कई प्रतिष्ठान बिना सत्यापन कर्मचारियों को नियुक्त कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे चोरी, आपराधिक गतिविधियों और अन्य सुरक्षा संबंधी घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। वहीं, कुछ व्यापारियों का तर्क है कि कर्मचारियों की कमी के चलते उन्हें तत्काल भर्ती करनी पड़ती है, जिससे सत्यापन प्रक्रिया में लापरवाही हो जाती है।
प्रशासन द्वारा जल्द ही विशेष अभियान चलाकर ऐसे प्रतिष्ठानों की जांच किए जाने की संभावना जताई जा रही है।

