चंपावत। भारतीय नौसेना ने अग्निवीर (SSR) 01/2027 और 02/2027 बैच के लिए भर्ती अधिसूचना जारी कर दी है। इस भर्ती के तहत अविवाहित पुरुष और महिला अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 14 मार्च 2026 से शुरू हो चुकी है, जबकि अंतिम तिथि 6 अप्रैल 2026 (शाम 5 बजे) निर्धारित की गई है।
इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक पोर्टल Join Indian Navy के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
दो चरणों में होगी चयन प्रक्रिया
भर्ती प्रक्रिया के पहले चरण में INET (ऑनलाइन कंप्यूटर आधारित परीक्षा) आयोजित की जाएगी। इसके बाद चयनित अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा (PFT), लिखित परीक्षा और मेडिकल टेस्ट के लिए बुलाया जाएगा।
योग्यता और आयु सीमा
उम्मीदवार का 10+2 में गणित और भौतिकी विषयों के साथ उत्तीर्ण होना अनिवार्य है।
- 01/2027 बैच: जन्म 1 नवंबर 2004 से 31 मई 2008 के बीच
- 02/2027 बैच: जन्म 1 मई 2005 से 31 अक्टूबर 2008 के बीच
शारीरिक मापदंड
पुरुषों को 1.6 किमी दौड़ 6 मिनट 30 सेकंड में और महिलाओं को 8 मिनट में पूरी करनी होगी। इसके अलावा पुश-अप्स और अन्य फिटनेस मानदंड भी निर्धारित हैं।
वेतन और लाभ
अग्निवीरों को पहले वर्ष 30,000 रुपये मासिक वेतन मिलेगा, जो चौथे वर्ष तक 40,000 रुपये तक पहुंच जाएगा। चार साल की सेवा के बाद करीब 5.02 लाख रुपये का सेवा निधि पैकेज दिया जाएगा।
आवेदन शुल्क
550 रुपये + जीएसटी शुल्क ऑनलाइन जमा करना होगा।
डीएम मनीष कुमार ने कहा, “भारतीय नौसेना की यह भर्ती युवाओं के लिए एक बेहतरीन अवसर है। जो अभ्यर्थी देश सेवा का सपना देखते हैं, उन्हें समय पर आवेदन कर पूरी तैयारी के साथ चयन प्रक्रिया में भाग लेना चाहिए। प्रशासन की ओर से भी युवाओं को जागरूक किया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक योग्य उम्मीदवार इसका लाभ उठा सकें।”

