जनपद चम्पावत में पुलिस और जल पुलिस की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया। रविवार को शारदा पार्किंग घाट पर स्नान के दौरान एक युवक अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बॉबी पाल (28 वर्ष), पुत्र चंद्र पाल सिंह, निवासी वीरमपुर, तहसील बिलारी, जिला मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश), स्नान करते समय असंतुलित होकर गहरे पानी में पहुंच गए। मौके पर तैनात बचाव दल ने स्थिति को भांपते हुए तुरंत कार्रवाई की और युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
रेस्क्यू टीम की तत्परता और साहसिक प्रयासों के चलते युवक की जान बच सकी और एक बड़ा हादसा होने से टल गया। घटना के बाद युवक और उसके परिजनों ने पुलिस व जल पुलिस टीम का आभार जताते हुए उनकी सराहना की।
इस रेस्क्यू अभियान में शामिल पुलिसकर्मियों में हेड कांस्टेबल मनोज सिंह, पंकज राणा, कांस्टेबल राजकुमार राणा, हीरा सिंह, महेश राणा, विजय सिंह तथा जल पुलिस चौकी शारदा बैराज के हेड कांस्टेबल दिनेश प्रसाद कोहली शामिल रहे।
पुलिस टीम की मुस्तैदी, संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई ने एक बार फिर जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को साबित किया।

