लोहाघाटI स्वामी विवेकानंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, लोहाघाट के संस्कृत विभाग द्वारा आज संस्कृत विभाग परिषद के तत्वाधान में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत संस्कृत श्लोक गायन प्रतियोगिता एवं संस्कृत श्लोक पोस्टर लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गईं, जिनमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
श्लोक गायन प्रतियोगिता में प्रिया पांडे ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि चंद्रकांत जोशी द्वितीय और गायत्री पांडे तृतीय स्थान पर रहे। वहीं, संस्कृत श्लोक पोस्टर लेखन प्रतियोगिता में चंद्रकांत जोशी ने प्रथम स्थान हासिल किया, प्रतिभा द्वितीय और काजल तृतीय स्थान पर रहीं।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. मनोज कुमार और डॉ. नीरज कांडपाल को संस्कृत भाषा के संवर्धन एवं व्यवहारिक बोलचाल में उनके योगदान के लिए परिषद द्वारा सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर संगीता गुप्ता ने कहा कि संस्कृत सभी भाषाओं की जननी है और इसे व्यापक स्वरूप देने की आवश्यकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से संस्कृत में निहित ज्ञान-विज्ञान की विभिन्न शाखाओं का अध्ययन करने का आह्वान किया।
मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. रेखा जोशी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए संस्कृत को अत्यंत मधुर भाषा बताया और अपने वक्तव्य में कई प्रेरणादायक सूक्तियां प्रस्तुत कीं। गृह विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रोफेसर अपराजिता ने संस्कृत में निहित ज्ञान को जनोपयोगी बताते हुए इसके अधिकाधिक प्रयोग के लिए प्रेरित किया।
संस्कृत विभागाध्यक्ष डॉ. कमलेश शक्टा ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया तथा आगामी सत्र में विभाग द्वारा आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने यह भी बताया कि विद्यार्थियों के लिए अतिरिक्त कक्षाओं का संचालन किया जाएगा, जिससे संस्कृत को और अधिक प्रभावी ढंग से सीखने का अवसर मिल सके।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. भूप सिंह धामी एवं डॉ. अनीता टम्टा ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के डॉ. दिनेश राम, डॉ. वंदना चंद, डॉ. सुनील कुमार, डॉ. ममता बिष्ट एवं डॉ. स्वाति कांडपाल सहित अनेक छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




