युवाओं के लिए वैश्विक अवसरों के द्वार खुले, विदेश में रोजगार हेतु बड़ी पहल

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व एवं शासन के उच्चाधिकारियों के मार्गदर्शन में उत्तराखंड के युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस पहल की जा रही है।

जिलाधिकारी चम्पावत श्री मनीष कुमार ने इस महत्वाकांक्षी योजना की जानकारी देते हुए बताया कि राज्य सरकार युवाओं को विदेशी धरती पर सुरक्षित, सम्मानजनक एवं आकर्षक रोजगार उपलब्ध कराने हेतु प्रतिबद्ध है।

उन्होंने बताया कि उत्तराखंड कौशल विकास मिशन (UKSDS) के माध्यम से युवाओं को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप प्रशिक्षित किया जा रहा है। इस पहल के अंतर्गत अधिकृत प्रशिक्षण साझेदारों के सहयोग से जर्मन एवं जापानी भाषाओं का विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है, जिससे युवाओं को नर्सिंग, एल्डरली केयर (बुजुर्गों की देखभाल) एवं होटल उद्योग जैसे क्षेत्रों में दक्ष बनाया जा सके।

जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को जर्मनी एवं जापान जैसे विकसित देशों में रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे, जहां उन्हें ₹1 लाख से ₹2.5 लाख प्रति माह तक का आकर्षक वेतन मिल सकता है। इसके अतिरिक्त ग्रीस, रूस, मध्य एशिया एवं मध्य पूर्व (मिडिल ईस्ट) के देशों में भी सीधे रिक्रूटर्स के माध्यम से रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

उन्होंने जनपद के समस्त इच्छुक एवं योग्य युवाओं से अपील की कि वे इस सुनहरे अवसर का अधिकतम लाभ उठाएं। विदेश में रोजगार प्राप्त करने के इच्छुक अभ्यर्थी आधिकारिक पोर्टल

https://uksds.uk.gov.in/OverseaseEmpReg.aspx⁠

पर जाकर शीघ्र अपना ऑनलाइन पंजीकरण सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ने इस जानकारी को अधिक से अधिक साझा करने का आह्वान किया है ताकि जनपद के युवाओं की प्रतिभा को वैश्विक मंच मिल सके और उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *