व्यापारियों और श्रद्धालुओं को धूम्रपान से दूर रहने का दिलाया संकल्प
चम्पावत।
गोल्ज्यू मेले में नशा मुक्ति को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। “नशा हटाओ-जीवन बचाओ” अभियान के तहत व्यापारियों और मेले में पहुंचे लोगों को धूम्रपान के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए हस्ताक्षर अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान ‘बीड़ी-सिगरेट बहुत बेकार, बिगड़े इससे बना व्यापार’, ‘बीड़ी हटायें, दुकानदारी बचायें’ और ‘नशे की मार बहुत बेकार, उजड़े इससे घर-परिवार’ जैसे स्लोगनों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया।
अभियान संयोजक जीआईसी सिप्टी के संस्कृत प्रवक्ता सामश्रवा आर्य और मोहित जोशी ने मेले में पहुंचे व्यापारियों से धूम्रपान मुक्त वातावरण बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और ग्राहकों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण मिलना चाहिए।
उन्होंने व्यापारियों से दुकानदारी के दौरान धूम्रपान से बचने का आग्रह करते हुए कहा कि इससे ग्राहकों को परेशानी होती है और व्यापार पर भी असर पड़ता है।
अभियान के दौरान पश्चिम बंगाल, राजस्थान, कानपुर और मुरादाबाद समेत विभिन्न क्षेत्रों से आए व्यापारियों ने हस्ताक्षर कर नशा मुक्ति अभियान को समर्थन दिया। व्यापारियों ने मेले को धूम्रपान मुक्त बनाने में सहयोग का भरोसा दिलाया।




