चम्पावत में आयोजित गोल्ज्यू महोत्सव 2026 मंगलवार को भी बेहद भव्य एवं आकर्षक रूप में देखने को मिला। दूर-दराज ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं और पर्यटकों ने मेले का जमकर आनंद उठाया। पूरे मेला परिसर में उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक रंगों की शानदार छटा देखने को मिली।
बच्चों के लिए लगे ऊंट की सवारी, झूले एवं अन्य मनोरंजन के साधन आकर्षण का केंद्र बने रहे। वहीं इस बार मेले में लगा “मौत का कुआं” लोगों के बीच विशेष रोमांच का विषय बना हुआ है, जहां भारी संख्या में लोग पहुंचकर करतबों का आनंद ले रहे हैं।
मेले में बाहर से आए व्यापारियों के साथ-साथ स्थानीय व्यापारियों के चेहरों पर भी खुशी साफ दिखाई दी। व्यापारियों ने कहा कि मेले में लगातार उमड़ रही भीड़ से व्यापार को नई ऊर्जा मिली है। क्षेत्रीय जनता ने भी मेले की व्यवस्थाओं एवं आयोजन की सराहना करते हुए हर वर्ष इसी प्रकार भव्य आयोजन कराने की मांग उठाई।
नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी भरत त्रिपाठी ने क्षेत्र की समस्त जनता से स्टार नाइट एवं मेले के विभिन्न कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि गोल्ज्यू महोत्सव क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक एकता का प्रतीक बन चुका है।
मेले में लोक संस्कृति, पारंपरिक खानपान, मनोरंजन और व्यापार का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। शाम होते ही पूरा मेला परिसर रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठा और लोगों की भारी भीड़ देर रात तक मेले का आनंद लेती रही।



