खेत में गिरने से ग्रामीण की मौत, परिवार में मचा कोहराम

तल्ला देश के नीड़ गांव की घटना, पुलिस ने शव कब्जे में लेकर शुरू की जांच

चंपावत जिले के तल्ला देश क्षेत्र के नीड़ गांव में खेत में गिरने से एक ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।

चंपावत कोतवाली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार चंपावत मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर तल्ला देश क्षेत्र के नीड़ गांव निवासी तोता बल्लभ जोशी (39) पुत्र स्वर्गीय शिवदत्त जोशी बीती 20 मई की रात करीब 10 बजे नीड़ खुरूता के मैदान में गिर गए। बताया जा रहा है कि मैदान से गिरने के कारण वह सीधे नीचे गधेरे में जा पहुंचे, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना पर कोतवाली पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

ग्रामीण की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं, पूरे नीड़ क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *