आगामी मानसून के दृष्टिगत राष्ट्रीय राजमार्ग और मुख्य मोटर मार्गों पर झाड़ी कटान व नाली सफाई का कार्य तेज

आगामी मानसून सीजन के मद्देनजर जनपद में यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने और जलभराव की समस्या से निपटने के लिए प्रांतीय खंड, लोक निर्माण विभाग चम्पावत द्वारा युद्धस्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में विभाग द्वारा क्षेत्र के विभिन्न मुख्य मार्गों, राष्ट्रीय राजमार्गों, नालियों और कलवर्ट (पुलियों) की विशेष सफाई का अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में राष्ट्रीय राजमार्ग-09 (NH-09) के अंतर्गत देवराड़ी से तिलोन के मध्य सड़क के दोनों ओर उगी झाड़ियों के कटान और नालियों की सफाई का कार्य गया। सड़कों के किनारे झाड़ियों की कटाई होने से जहां वाहन चालकों के लिए ‘विजिबिलिटी’ (दृश्यता) बेहतर होगी और दुर्घटनाओं का खतरा कम होगा, वहीं नालियों की सफाई से वर्षाकाल में सड़कों पर पानी जमा नहीं हो सकेगा।
इसके साथ ही विभाग द्वारा मानेश्वर-तिलोन मोटर मार्ग पर भी झाड़ी कटान और नाली सफाई का कार्य लगातार जारी है। विभाग के तकनीकी अधिकारियों की देखरेख में मार्गों को दुरुस्त करने में जुटे हैं ताकि स्थानीय जनता को किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।
प्रांतीय खंड, लोक निर्माण विभाग चम्पावत के अधिकारियों ने बताया कि मानसून के दौरान पर्वतीय क्षेत्रों में भारी वर्षा के कारण सड़कों पर जलभराव और भूस्खलन का खतरा बना रहता है।
अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग ने बताया कि जिलाधिकारी महोदय के निर्देशों के तहत मानसून शुरू होने से पहले ही सभी संवेदनशील स्थलों पर नालियों और कलवर्ट को पूरी तरह साफ कर दिया जाएगा ताकि पानी की निकासी सुचारु रूप से हो सके और मुख्य मार्ग सुरक्षित बने रहें। विभाग द्वारा इस पूरे अभियान की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि आम जनता और यात्रियों को आवागमन में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *