एक टन कचरा हटाकर दिया स्वच्छता और योग का संदेश
चम्पावत। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के भव्य आयोजन से पहले बनबसा में स्वच्छता का बड़ा संदेश देखने को मिला। 21 जून को मिनी स्टेडियम बनबसा में आयोजित होने वाले योग दिवस कार्यक्रम की तैयारियों के तहत बुधवार को नगर पंचायत बनबसा द्वारा वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की प्रस्तावित उपस्थिति वाले इस महत्वपूर्ण आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आया। जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में मिनी स्टेडियम और उसके आसपास के क्षेत्रों से लगभग एक टन कचरा एकत्रित कर उसका वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया गया। श्रमदान के माध्यम से पूरे परिसर को स्वच्छ, सुंदर और आकर्षक बनाया गया।

अभियान के दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जगत सिंह खाती, उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार और तहसीलदार पिंकी आर्या ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अभियान का मार्गदर्शन किया। वहीं जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, एसएसबी जवानों, नगर निकाय कर्मियों, महाविद्यालय स्टाफ तथा स्थानीय नागरिकों ने एकजुट होकर स्वच्छता का संदेश दिया।
कार्यक्रम के समापन पर नगरीय पर्यावरण संरक्षण परिषद उत्तराखण्ड की उपाध्यक्ष हरिप्रिया जोशी ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं बल्कि जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने घरों और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वच्छ वातावरण ही स्वस्थ समाज और सफल योग संस्कृति की आधारशिला है।
योग दिवस की तैयारियों के बीच चला यह स्वच्छता अभियान न केवल आयोजन स्थल को नई पहचान देने में सफल रहा, बल्कि जनभागीदारी और सामाजिक जिम्मेदारी का भी उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आया। प्रशासन को उम्मीद है कि स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण में आयोजित होने वाला अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम जनपद के लिए एक यादगार अवसर साबित होगा।
“अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस से पहले बनबसा में स्वच्छता का महाअभियान चलाया गया। अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और आम जनता ने श्रमदान कर करीब एक टन कचरा हटाया और स्वच्छता का संदेश दिया। योग दिवस के भव्य आयोजन को लेकर प्रशासन की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।”

