“दुःख की घड़ी में परिवारों के साथ खड़ी है सरकार”
जनपद चम्पावत के बनबसा क्षेत्र में आज संवेदनशील मानवीय पहल देखने को मिली। प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने जनपद भ्रमण के दौरान विभिन्न शोकाकुल परिवारों से मुलाकात कर गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिजनों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

मुख्यमंत्री सबसे पहले देशीफार्म, बनबसा स्थित श्री बलवीर कश्यप के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने उनकी पूजनीय माता स्वर्गीय श्रीमती प्रेमा देवी के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की। 72 वर्षीय प्रेमा देवी का सर्पदंश के कारण निधन हो गया था। इस दौरान मुख्यमंत्री ने वन विभाग की ओर से सर्पदंश पीड़ित के आश्रितों को प्रदान की जाने वाली आर्थिक सहायता योजना के अंतर्गत तीन लाख रुपये की धनराशि का चेक परिजनों को सौंपा।

इसके बाद मुख्यमंत्री चन्दफार्म निवासी श्री दिनेश चन्द्र जोशी के आवास पहुंचे और उनके 35 वर्षीय पुत्र स्वर्गीय नितिन जोशी के आकस्मिक निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देते हुए कहा कि सरकार दुःख की इस घड़ी में उनके साथ खड़ी है तथा हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने चन्दफार्म, बनबसा निवासी श्री हरीश चन्द के आवास पहुंचकर उनके पिता स्वर्गीय देवेन्द्र चन्द के निधन पर भी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।

“दुःख की इस घड़ी में प्रदेश सरकार शोकाकुल परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। हम सभी दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं और ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि परिजनों को यह पीड़ा सहन करने की शक्ति प्रदान करें।”
जनसरोकार और संवेदनशील शासन की मिसाल पेश करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि प्रदेश सरकार केवल विकास कार्यों तक सीमित नहीं, बल्कि नागरिकों के सुख-दुःख में सहभागी बनकर उनके साथ खड़ी रहने के लिए भी प्रतिबद्ध है।

