अपर जिलाधिकारी ने की वन भूमि हस्तांतरण प्रस्तावों की समीक्षा, लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के दिए सख्त निर्देश*

चंपावत

शनिवार को अपर जिलाधिकारी श्री कृष्ण नाथ गोस्वामी की अध्यक्षता में वन भूमि हस्तांतरण प्रस्तावों की प्रगति की समीक्षा हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के विभिन्न विकास कार्यों एवं लोक कल्याणकारी परियोजनाओं से जुड़े वन भूमि हस्तांतरण के मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के दौरान बताया गया कि कतिपय महत्वपूर्ण प्रकरण उच्च स्तर पर प्रक्रियाधीन व लंबित हैं, जिससे विकास कार्यों की गति प्रभावित हो रही है। इस पर अपर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे उच्च स्तर पर निरंतर समन्वय एवं प्रभावी संपर्क स्थापित करते हुए सभी लंबित प्रकरणों का शीघ्र व समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें।अपर जिलाधिकारी ने बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों से अपेक्षा की कि विकास योजनाओं से जुड़े किसी भी प्रस्ताव को किसी भी स्तर पर अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए, ताकि योजनाओं का लाभ समय से आम जनता को मिल सके। इसी क्रम में उन्होंने अधिशासी अधिकारी, नगर पंचायत, बनबसा को निर्देशित किया कि वे अपने स्तर पर लंबित ट्रेंचिंग ग्राउंड के प्रकरण का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें। साथ ही, थापलियाखेड़ा क्षेत्र के विद्युतीकरण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने प्रस्तावक विभाग को डिमांड नोट की निर्धारित धनराशि यथाशीघ्र जमा कराने के निर्देश दिए, जिससे कार्य को समय पर गति दी जा सके।बैठक में अपर जिलाधिकारी ने समस्त संबंधित विभागों को आगामी समीक्षा बैठक से पूर्व अपने-अपने स्तर पर लंबित सभी मामलों का शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा, जिससे कि अगली बैठक तक विभागीय स्तर पर कोई भी प्रकरण शेष न रहे। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित और जनपद के सुनियोजित विकास से जुड़े इन मामलों में समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए और किसी भी स्तर पर विलंब न होने दिया जाए।बैठक में जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल उप प्रभागीय वनाधिकारी सुनील कुमार, अधिशासी अभियंता पीएमजीएसवाई वीरेंद्र सिंह, अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग बी एम आर्या, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका लोहाघाट सौरभ नेगी सहित अन्य उपस्थित रहे।

kamal bhandari editor in chief ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *