“मुख्यमंत्री धामी ने ₹123.79 करोड़ की 17 विकास योजनाओं की दी सौगात”
चम्पावत। उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज अपने विधानसभा क्षेत्र चम्पावत को विकास की बड़ी सौगात दी। 123 करोड़ 79 लाख रुपये की 17 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करते हुए उन्होंने चम्पावत को उत्तराखण्ड का मॉडल जनपद बनाने का संकल्प दोहराया। इस दौरान जिम कॉर्बेट ट्रेल का शुभारंभ, सिटी सेंटर का भूमि पूजन और विभिन्न वर्गों के लोगों से संवाद भी कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को आयोजित भव्य कार्यक्रम में ₹27.79 करोड़ की लागत से पूर्ण हुई 8 विकास योजनाओं का लोकार्पण और ₹96 करोड़ की लागत से 9 नई योजनाओं का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने लगभग ₹3.50 करोड़ की लागत से विकसित जिम कॉर्बेट ट्रेल का भी शुभारंभ किया, जिसका उद्देश्य जनपद की ऐतिहासिक और प्राकृतिक विरासत को पर्यटन से जोड़ना है। इसके साथ ही उन्होंने बस स्टेशन परिसर में बनने वाले आधुनिक सिटी सेंटर का भूमि पूजन भी किया।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल भवन और सड़कें बनाना नहीं, बल्कि ऐसा चम्पावत तैयार करना है जहाँ युवाओं को रोजगार, महिलाओं को आत्मनिर्भरता, किसानों को समृद्धि और व्यापारियों को नए अवसर मिलें। उन्होंने कहा कि चम्पावत को उत्तराखण्ड का मॉडल जनपद बनाना उनका संकल्प है और सरकार इसी दिशा में तेजी से कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि चम्पावत में करीब ₹62.33 करोड़ की लागत से आधुनिक बहुमंजिला पार्किंग और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण होगा। वहीं महिला स्पोर्ट्स कॉलेज, साइंस सेंटर, महिला प्रौद्योगिकी पार्क, आधुनिक पुस्तकालय, ज्ञान केंद्र और ओपन जिम जैसी सुविधाओं का भी विकास किया जा रहा है। साथ ही कृषि, पर्यटन और धार्मिक स्थलों के विकास को भी प्राथमिकता दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकास भी और विरासत भी” के मंत्र के अनुरूप मानसखण्ड मंदिर माला मिशन के तहत पूर्णागिरि धाम, शारदा कॉरिडोर, गोल्ज्यू कॉरिडोर और माँ वाराही धाम सहित अनेक धार्मिक स्थलों का विकास किया जा रहा है, जिससे पर्यटन और स्थानीय रोजगार दोनों को बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पुजारियों, अर्धसैनिक बलों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, व्यापारियों, शिक्षकों, युवाओं, बैंक कर्मियों, बार एसोसिएशन, मीडिया प्रतिनिधियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों से संवाद कर उनकी बात सुनी। कार्यक्रम के बाद उन्होंने खटकना पुल स्थित मानवेंद्र सिंह तड़ागी के एटलस पावर हाउस जिम का भी उद्घाटन किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी: “चम्पावत को उत्तराखण्ड का मॉडल जनपद बनाना हमारा संकल्प है। विकास की ये योजनाएँ केवल निर्माण कार्य नहीं, बल्कि युवाओं, महिलाओं, किसानों और व्यापारियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव हैं।”
लगातार विकास परियोजनाओं की सौगात के साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक बार फिर स्पष्ट संदेश दिया है कि सीमांत चम्पावत को प्रदेश के सबसे विकसित जिलों की कतार में खड़ा करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अब देखना होगा कि ये महत्वाकांक्षी परियोजनाएँ धरातल पर कितनी तेजी से उतरती हैं और आम जनता को उनका लाभ कब तक मिल पाता है।

