गोल्ज्यू महोत्सव 2026 में उमड़ा जनसैलाब: श्वेता मेहरा की धमाकेदार प्रस्तुति ने 10 हजार दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध

आज अंतिम दिन माया उपाध्याय–इंदर आर्य का जलवा
चम्पावत | गोल्ज्यू महोत्सव 2026 की सांस्कृतिक संध्या का द्वितीय दिवस भव्यता, रंगारंग प्रस्तुतियों और जनसैलाब के बीच यादगार बन गया। देर रात तक चले कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों से लेकर प्रदेश के चर्चित लोक कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से माहौल को पूरी तरह सांस्कृतिक रंग में रंग दिया। दर्शकों का उत्साह इतना जबरदस्त रहा कि पूरा पांडाल तालियों और हूटिंग से गूंजता रहा।
कार्यक्रम का आयोजन दो अलग-अलग चरणों में संपन्न हुआ। प्रथम चरण की शुरुआत स्थानीय बाल कलाकारों और विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों की मनमोहक प्रस्तुतियों से हुई। सूचना विभाग के सांस्कृतिक दल ने भी शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों का दिल जीत लिया।
15 मई को मॉडर्न इंटर कॉलेज चंपावत के छात्रों ने होली आधारित सुंदर प्रस्तुति देकर माहौल को रंगीन बना दिया। वहीं न्यू वीर शिवाजी स्कूल चंपावत, इंडस नेशनल स्कूल चंपावत और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने भी अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर खूब तालियां बटोरीं।
स्थानीय कलाकारों में सरिता चंद, प्रिया अमर्त्य, राखी सारस्वत, पल्लवी और इंदु महल की मधुर प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इसके बाद शुरू हुए दूसरे चरण में संस्कृति विभाग एवं पायल कला केंद्र अल्मोड़ा के कलाकारों ने मंच संभालते ही माहौल को लोक संस्कृति के रंग में रंग दिया। लोक गायिका खुशी जोशी ने अपने लोकप्रिय गीत ‘अल्मोड़ा अंग्रेज आए’, ‘टैक्सी में’ और ‘तू रुछी मैया तू रुछी’ से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। वहीं गोविंद अधिकारी ने ‘फुलकिया पतोली’ और ‘न्योली छपेली’ प्रस्तुत कर लोक संगीत की शानदार छटा बिखेरी। गढ़वाली गायक सौरभ मैठाणी ने ‘तू पहाड़ों को रेवासी’ और ‘दिल्ली रून वाली’ जैसे गीतों से माहौल को पूरी तरह संगीतमय बना दिया।
लेकिन पूरे आयोजन का सबसे बड़ा आकर्षण रहीं स्टार कलाकार श्वेता मेहरा, जिनकी ऊर्जावान और धमाकेदार प्रस्तुति ने करीब 10 हजार दर्शकों की भीड़ को देर रात तक बांधे रखा। दर्शक झूमते-नाचते नजर आए और पूरा महोत्सव स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे द्वारा किया गया। इस दौरान पूर्व शासकीय अधिवक्ता अमरनाथ वर्मा, पूर्व प्रधानाचार्य इंद्र सिंह बोरा, महोत्सव समिति के संरक्षक देवीलाल वर्मा, कोऑपरेटिव सोसाइटी अध्यक्ष मंजू शाह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। आयोजन को सफल बनाने में अधिशासी अधिकारी भरत त्रिपाठी, नगर पालिका टीम और मंच संचालन में डॉ. भुवन चंद्र जोशी, अशोक वर्मा, राजेंद्र गहतोड़ी और नीरज जोशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
आज अंतिम दिन स्टार नाइट में मचेगा धमाल
गोल्ज्यू महोत्सव 2026 की सांस्कृतिक संध्या का आज 16 मई को अंतिम दिवस है, जिसमें स्टार कलाकार के रूप में लोकगायिका माया उपाध्याय, लोकगायक इंदर आर्य और नीरज चुफाल अपनी शानदार प्रस्तुतियों से महोत्सव में चार चांद लगाएंगे। आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से कार्यक्रम में पहुंचकर सांस्कृतिक संध्या का आनंद लेने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *