राज्यपाल ने जिला समन्वयक नवीन चंद्र पंत को किया सम्मानित, विज्ञान और एआई नवाचार में उत्कृष्ट कार्य का मिला सम्मान

ऑपरेशन कल्कि अभियान के तहत चंपावत के छात्रों को विज्ञान और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जोड़ने में निभाई अहम भूमिका

चंपावतIराज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) ने लोक भवन में आयोजित “एआई थीम रूम” के उद्घाटन एवं “एआई ऑन व्हील्स” वाहन फ्लैग ऑफ कार्यक्रम के दौरान चंपावत के जिला समन्वयक नवीन चंद्र पंत को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया। इस अवसर पर शिक्षा सचिव रविनाथ रमन और राज्यपाल की अपर सचिव रीना जोशी भी मौजूद रहीं।

नवीन चंद्र पंत को सीमांत पर्वतीय जनपद चंपावत में विज्ञान गतिविधियों के प्रभावी संचालन तथा छात्र-छात्राओं को विज्ञान, प्रौद्योगिकी, नवाचार और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में प्रोत्साहित करने के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया।

सम्मान प्राप्त करने के बाद नवीन चंद्र पंत ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि उन सभी छात्रों, शिक्षकों और सहयोगियों का है, जो विज्ञान और तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने में योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन कल्कि अभियान के तहत चंपावत के विद्यार्थियों को एआई के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।

कार्यक्रम में चंपावत जिले के पांच विद्यार्थियों अंश गहतोड़ी, अंजलि, प्रियंका, तनूजा और सुमित जोशी के साथ शिक्षिका प्रेमा ठाकुर को भी ऑपरेशन कल्कि के अंतर्गत सम्मानित किया गया।

बताया गया कि राज्यपाल के मार्गदर्शन में शुरू किए गए ऑपरेशन कल्कि अभियान के तहत एआई थीम रूम की टीम ने प्रदेश के सभी 13 जिलों में पहुंचकर सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, नवाचार और वैज्ञानिक सोच के प्रति जागरूक किया। अभियान के दौरान विद्यार्थियों को तकनीकी समाधान विकसित करने और वास्तविक समस्याओं पर काम करने के लिए प्रेरित किया गया।

अभियान की एक बड़ी उपलब्धि यह रही कि प्रदेशभर के विद्यार्थियों ने 108 नवाचार आधारित एप्लीकेशन तैयार करने में अपने आइडिया दिए। इन एप्लीकेशनों में पर्यटन, कृषि, हॉर्टिकल्चर, शिक्षा और जनसेवा जैसे क्षेत्रों से जुड़े समाधान शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *