ग्राम प्रधान प्रतिनिधि डुंगरासेठी श्री उमेश सिंह चौधरी जी ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर राजकीय प्राथमिक विद्यालय डुंगरासेठी को पुनः संचालित करने के लिए ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने बताया कि विद्यालय लंबे समय से बंद पड़ा है, जिससे क्षेत्र के बच्चों की शिक्षा प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों को अपने बच्चों को दूरस्थ विद्यालयों में भेजना पड़ रहा है, जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शिक्षा विभाग को तत्काल निर्देशित किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विद्यालय का मौके पर जाकर जायजा लेने और शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि जल्द से जल्द उचित कार्रवाई की जा सके।
इस पहल से क्षेत्र के ग्रामीणों में उम्मीद जगी है कि जल्द ही विद्यालय पुनः संचालित होगा और बच्चों को अपने ही गांव में शिक्षा की सुविधा मिल सकेगी।

