मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी के निर्देशों पर चम्पावत में मानसून को लेकर कार्य जारी

सुचारू यातायात के लिए साफ की जा रही हैं सड़कें और नालियाँ

चंपावत। प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी एवं जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार द्वारा मानसून काल के दौरान आम जनमानस की सुरक्षा और सुविधा को लेकर दिए गए कड़े निर्देशों के क्रम में जनपद में सुरक्षात्मक कार्य निरंतर गतिमान हैं। जिला प्रशासन और सभी संबंधित सड़क निर्माण एजेंसियां अलर्ट मोड पर काम कर रही हैं। इसके तहत जिले भर में जलभराव और भूस्खलन जैसी स्थितियों से निपटने के लिए सड़कों के किनारे नाली सफाई, कलवर्ट (पुली) सफाई और झाड़ी कटान का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है ताकि भारी बारिश के दौरान भी पानी की निकासी सही ढंग से हो सके और लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

मानसून की सक्रियता को देखते हुए निर्माण एजेंसियों द्वारा लगातार सड़कों के किनारे उगी झाड़ियों को काटा जा रहा है, जिससे मोड़ों पर दृश्यता बनी रहे और दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके। इसके साथ ही बंद पड़ी नालियों और कलवर्ट की गाद व मलबे को साफ करने का काम भी निरंतर जारी है। विगत दिनों हुई वर्षा के कारण जनपद के विभिन्न मार्गों पर जो बोल्डर और मलबा आ गया था, उसे संबंधित कार्यदायी संस्थाओं द्वारा तत्परता दिखाते हुए मशीनों और श्रमिकों की मदद से तुरंत हटा दिया गया है।

प्रशासन का मुख्य फोकस इस बात पर है कि भारी बारिश के बावजूद जिले की मुख्य और संपर्क सड़कें किसी भी स्थिति में बाधित न हों। मलबे को समय रहते हटाने और जल निकासी की सुदृढ़ व्यवस्था करने से जिले में यातायात पूरी तरह सुचारू रूप से संचालित हो रहा है।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि मानसून के दौरान किसी भी मार्ग के बंद होने पर तुरंत रिस्पॉन्स टाइम के भीतर उसे खोला जाए, ताकि आम जनता और आपातकालीन सेवाओं को आवागमन में कोई असुविधा न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *