चम्पावत में मूसलाधार बारिश का कहर

जिला चिकित्सालय के सामने आया मलबा, NH-9 पर लगा लंबा जाम

चम्पावत। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते सोमवार को जिला चिकित्सालय चम्पावत के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-9) पर भारी मात्रा में मलबा आ गया। बारिश के कारण एक छोटी सुरक्षा दीवार ढह गई, जिसके पीछे जमा मिट्टी दबाव बढ़ने से सीधे सड़क पर आ गई। देखते ही देखते सड़क पर मलबा फैल गया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं स्थिति ऐसी बन गई कि चम्पावत की ओर लगभग एक किलोमीटर तथा टनकपुर की ओर भी करीब एक किलोमीटर तक वाहनों का लंबा जाम लग गया। सड़क पर फंसे वाहन चालकों और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और नगर पालिका की टीम मौके पर पहुंची। जेसीबी और अन्य मशीनों की सहायता से युद्धस्तर पर मलबा हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया है, ताकि यातायात जल्द से जल्द सामान्य किया जा सके।

नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी भरत त्रिपाठी ने बताया कि प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ राहत कार्य में जुटा है। उन्होंने कहा कि “समय रहते सभी व्यवस्थाएं सुचारू कर दी जाएंगी और आमजन को अधिक कठिनाइयों का सामना नहीं करना पड़ेगा।”

वहीं जिलाधिकारी मनीष कुमार ने पूर्व में ही सभी संबंधित विभागों को बरसात के मौसम को देखते हुए सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का उद्देश्य है कि वर्षा के दौरान आम जनता को न्यूनतम असुविधा हो और यातायात जल्द से जल्द सामान्य हो सके। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अनावश्यक यात्रा से बचें तथा पहाड़ी क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतें। फिलहाल मलबा हटाने का कार्य तेजी से जारी है और प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *