विकसित भारत-जी राम जी अधिनियम 2025 VB-GRAMG के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु पंच सम्मेलन कार्यशाला आयोजित*

चम्पावत

जिला सभागार में मंगलवार को जिला पंचायत अध्यक्ष श्री आनंद सिंह अधिकारी की अध्यक्षता में ‘विकसित भारत – रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ (VB-GRAMG) / ‘विकसित भारत – जी राम जी अधिनियम, 2025’ के अंतर्गत पंच सम्मेलन कार्यशाला का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यशाला में योजना के सफल क्रियान्वयन, अंतर-विभागीय समन्वय तथा ग्रामीण आजीविका संवर्धन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान जनपद के अंतर्गत 4 मुख्य श्रेणियों एवं 29 उप-श्रेणियों में वर्गीकृत लगभग 318 विकास प्रोजेक्ट्स/योजनाओं की रूपरेखा तैयार कर उन पर बिंदुवार गहन मंथन किया गया है।कार्यशाला को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष श्री आनंद सिंह अधिकारी ने जनप्रतिनिधियों से ग्राम स्तर पर ही मजबूत और व्यावहारिक प्रस्ताव तैयार करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास की योजनाएं समावेशी दृष्टिकोण के साथ बनाई जानी चाहिए ताकि समाज के हर वर्ग को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने पारंपरिक विकास कार्यों से आगे बढ़कर क्षेत्र की स्थानीय आवश्यकताओं के अनुसार नए और नवाचारी प्रोजेक्ट्स को भी कार्ययोजना में प्रमुखता से शामिल करने के निर्देश दिए।कार्यशाला में परियोजना निदेशक श्री अजय सिंह ने अधिनियम के प्रावधानों, मनरेगा एवं आजीविका मिशन के अंतर्गत संचालित विभिन्न घटकों तथा रेखीय विभागों के साथ योजनाओं के युगपतीकरण (Convergence) की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जल संरक्षण व संवर्धन, भूमि सुधार एवं समतलीकरण, ग्रामीण संपर्क मार्गों के निर्माण, पौधरोपण, पशु शेड, नाली निर्माण, व्यक्तिगत परिसंपत्ति विकास तथा स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा देने जैसे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर धरातल पर उतारा जाएगा। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों एवं महिला स्वयं सहायता समूहों (SHGs) की बहनों से योजना को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने हेतु अपने बहुमूल्य सुझाव साझा करने की अपील की।इस अवसर पर उपस्थित विभिन्न रेखीय विभागों के अधिकारियों ने भी अपनी संचालित योजनाओं की जानकारी साझा की, जिससे विभागीय योजनाओं को एक साथ जोड़कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान की जा सके।कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख चम्पावत श्रीमती अंचला बोहरा, ब्लॉक प्रमुख बाराकोट श्रीमती सीमा आर्या, सहायक परियोजना निदेशक विम्मी जोशी, जिला विकास अधिकारी श्री दिनेश सिंह दिगारी, समस्त खंड विकास अधिकारी, विभिन्न जिला स्तरीय अधिकारीगण, त्रिस्तरीय पंचायतों के जनप्रतिनिधिगण, स्वयं सहायता समूहों की सदस्य तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

kamal bhandari editor in chief ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *