‘जन-जन की सरकार: 4 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद चम्पावत में विकासोन्मुखी गतिविधियों का व्यापक आयोजन किया गया। जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के मार्गदर्शन में जनपद के चारों विकासखंड—चम्पावत, लोहाघाट, बाराकोट एवं पाटी में बहुउद्देशीय शिविरों का आयोजन कर शासन-प्रशासन को सीधे जनता के द्वार तक पहुँचाया गया।
इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुँचाना एवं आमजन को त्वरित और सरल सेवाएं उपलब्ध कराना रहा।
विकासखंडों में आयोजित इन शिविरों में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, समाज कल्याण सहित सभी रेखीय विभागों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। शिविर स्थल पर ही विभिन्न समस्याओं का त्वरित समाधान करते हुए बीपीएल प्रमाण पत्र जारी किए गए तथा विधवा, दिव्यांग एवं वृद्धावस्था पेंशन से संबंधित आवेदनों को मौके पर ही स्वीकृति प्रदान की गई। विद्युत विभाग द्वारा बिल संशोधन एवं नए कनेक्शन से जुड़ी समस्याओं का त्वरित निस्तारण कर दूरस्थ क्षेत्रों से आए ग्रामीणों को बड़ी राहत दी गई।
कार्यक्रम के दौरान ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान के अंतर्गत कन्या जन्मोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें नवजात बेटियों के स्वागत में केक काटकर उत्सव मनाया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पोषण, सुरक्षा एवं महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
स्वास्थ्य विभाग के स्टालों पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श एवं दवाओं का लाभ उठाया।
कृषि, उद्यान एवं पशुपालन विभागों द्वारा किसानों की आय वृद्धि के उद्देश्य से आधुनिक कृषि तकनीकों का प्रदर्शन किया गया। एग्री-स्टेक पंजीकरण, उन्नत कृषि रक्षा रसायनों का वितरण एवं पॉलीहाउस जैसी योजनाओं से काश्तकारों को जोड़ा गया। सहकारिता एवं दुग्ध विकास विभाग द्वारा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के उपायों की जानकारी दी गई।
इस दौरान खंड विकास अधिकारी चम्पावत श्री अशोक अधिकारी, लोहाघाट श्री कविंद्र रावत, बाराकोट श्री अवनीश उपाध्याय एवं पाटी सुश्री मोनिका पाल सहित समस्त विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों उपस्थित रहे।

