चम्पावत,
*मा. मुख्यमंत्री की आपदा राहत नीति के अनुरूप प्रभावितों तक त्वरित सहायता पहुंचा रहा प्रशासन*
*जिलाधिकारी के निर्देश पर एसडीएम ने किया प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण, क्षतिग्रस्त आवास के लिए राहत राशि देने के निर्देश*मा. मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की आपदा प्रभावितों को त्वरित राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने की नीति के अनुरूप जनपद में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से हुए नुकसान का आकलन कर प्रभावित लोगों तक तत्काल सहायता पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन सक्रियता से कार्य कर रहा है। जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने सभी संबंधित अधिकारियों को वर्षा से प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण करते हुए नुकसान का आकलन करने तथा प्रभावित परिवारों को नियमानुसार त्वरित राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।इसी क्रम में उप जिलाधिकारी श्री विपिन चन्द्र पंत ने तहसील क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न स्थानों का निरीक्षण कर बारिश से हुए नुकसान का जायजा लिया। ग्राम पंचायत कोट अमोड़ी के तोक सैन्दर्क में श्रीमती डिगरी देवी पत्नी स्व. चुड़ामणी के आवासीय भवन को क्षति पहुंचने की सूचना मिलते ही उप जिलाधिकारी राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने क्षतिग्रस्त आवासीय भवन का स्थलीय निरीक्षण कर नुकसान की स्थिति का आकलन किया तथा प्रभावित परिवार से भी जानकारी ली।निरीक्षण के उपरांत उपजिलाधिकारी ने संबंधित राजस्व उप निरीक्षक को प्रभावित महिला को अहेतुक सहायता मद के अंतर्गत नियमानुसार अनुमन्य राहत राशि शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही राजस्व कर्मियों को क्षेत्र में सतर्क रहते हुए बारिश से होने वाली किसी भी प्रकार की क्षति की सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंचने और प्रभावितों को समयबद्ध सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।जिला प्रशासन द्वारा लगातार बारिश को देखते हुए तहसील एवं राजस्व प्रशासन को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी स्थान पर नुकसान की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल आकलन कर प्रभावित परिवारों तक शासन के प्रावधानों के अनुसार राहत एवं सहायता पहुंचाई जा सके।
kamal bhandari editor in chief ।

