जिला कारागार पिथौरागढ़ में 21 दिवसीय उद्यमिता प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू*
*बंदियों को दिया जाएगा सिलाई प्रशिक्षण, रिहाई के बाद स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की पहल*पिथौरागढ़: जिला कारागार, पिथौरागढ़ में निरुद्ध बंदियों के कौशल विकास, आत्मनिर्भरता तथा रिहाई के उपरांत समाज की मुख्यधारा में सम्मानजनक पुनर्वास सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दिनांक 16 अक्टूबर 2026 से 21 दिवसीय उद्यमिता प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। उद्योग निदेशालय, उत्तराखंड शासन के तत्वावधान में उपलब्धि सामाजिक एवं स्वैच्छिक समिति, पिथौरागढ़ द्वारा आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत बंदियों को सिलाई का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, ताकि वे व्यावसायिक कौशल अर्जित कर भविष्य में स्वरोजगार के माध्यम से अपनी आजीविका अर्जित कर सकें।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पिथौरागढ़ की सचिव श्रीमती मंजु देवी उपस्थित रहीं। इस अवसर पर जिला कारागार, पिथौरागढ़ के अधीक्षक श्री अनुभव त्रिपाठी, जिला उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक सुश्री कविता भगत, उपलब्धि सामाजिक एवं स्वैच्छिक समिति, पिथौरागढ़ के अध्यक्ष श्री अरविन्द ज्याला सहित प्रशिक्षण कार्यक्रम के संचालन से जुड़े सदस्य एवं अन्य अतिथिगण उपस्थित रहे।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बंदियों को कारावास की अवधि के दौरान सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ते हुए उनकी कार्यक्षमता एवं व्यावहारिक दक्षता में वृद्धि करना तथा रिहाई के पश्चात आत्मनिर्भर जीवन जीने के लिए तैयार करना है। सिलाई प्रशिक्षण के माध्यम से बंदियों को ऐसा उपयोगी हुनर सिखाया जाएगा, जिसका लाभ वे जेल से बाहर आने के बाद स्वरोजगार स्थापित करने, सिलाई संबंधी कार्य करने अथवा रोजगार के अन्य अवसर प्राप्त करने में उठा सकेंगे।यह पहल बंदियों के कौशल विकास के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने, आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने तथा समाज में सम्मानजनक पुनर्वास को प्रोत्साहित करने में सहायक सिद्ध होगी।
kamal bhandari editor in chief.

