चम्पावत ,
*चंपावत में भीगराड़ा कानूनगो चौकी वायरल वीडियो प्रकरण: जिलाधिकारी ने दिए त्वरित जांच और सख्त कार्रवाई के निर्देश*
सोशल मीडिया के माध्यम से जनपद के भीगराड़ा क्षेत्र स्थित कानूनगो चौकी से संबंधित एक वीडियो संज्ञान में आया है, जिसमें चौकी कक्ष के खुले होने तथा वहां सामान बिखरे होने व मदिरा की बोतलें पाए जाने का दावा किया गया है। इस मामले को जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने अत्यंत गंभीरता से लेते हुए तत्काल इसका संज्ञान लिया है। जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि वीडियो सामने आने के तुरंत बाद उपजिलाधिकारी पाटी को मौके पर भेजा गया, जिनके द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।जिलाधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि संबंधित भवन एक जीर्ण-शीर्ण और पुराना भवन है, जिसके मरम्मत और जीर्णोद्धार का कार्य वर्तमान में गतिमान है। इस भवन में वर्तमान में कोई कार्मिक या कानूनगो निवास नहीं करते हैं और न ही वहां नियमित रूप से बैठते हैं। प्रशासन द्वारा की गई शुरुआती पड़ताल में यह बात भी प्रकाश में आई है कि किन्हीं शरारती तत्वों द्वारा पूर्व में इस भवन की तोड़फोड़ की गई है और इसका गलत उपयोग किया गया है। इसके अलावा, वीडियो में जिन दस्तावेजों का जिक्र किया गया है, वे सभी पुराने एवं पूर्व में परित्यक्त (आउटडेटेड) दस्तावेज हैं, जिनका कार्य पहले ही पूर्ण हो चुका है और जिन्हें नियमानुसार निस्तारित किया जाना था। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि संबंधित उपजिलाधिकारी को इस पूरे मामले की गहनता से विस्तृत जांच करने के निर्देश दे दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट में जो भी तथ्य और सत्यता सामने आएगी, उसके आधार पर दोषियों के विरुद्ध सख्त से सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। प्रशासन सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा और कार्यालयों की गरिमा बनाए रखने के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
kamal bhandari editor in chief.

