नगर पालिका लोहाघाट ने की बार्बर संचालकों के साथ बैठक, ब्लेड व बालों के सुरक्षित निस्तारण हेतु बनाई योजना*

चंपावत ,

नगर पालिका परिषद लोहाघाट द्वारा नगर क्षेत्र के समस्त बार्बर संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य दुकानों से निकलने वाले उपयोग किए गए ब्लेडों और बालों के वैज्ञानिक व सुरक्षित निस्तारण के प्रति व्यापारियों को जागरूक करना था।बैठक में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी श्री सौरभ नेगी ने सभी बार्बर बंधुओं को निर्देश दिए कि वे अपने प्रतिष्ठानों से निकलने वाले इस्तेमाल किए गए ब्लेडों और बालों को अन्य सामान्य कचरे से अलग-अलग एकत्रित करें। उन्होंने बताया कि इस विशेष कचरे के एकत्रीकरण के लिए नगर पालिका सप्ताह में दो दिन अलग से सफाई कर्मियों और कूड़ा वाहन की व्यवस्था करेगी। इस पहल से जहाँ एक ओर सफाई कर्मचारियों को धारदार ब्लेडों से होने वाली संभावित दुर्घटनाओं से सुरक्षा मिलेगी, वहीं दूसरी ओर हानिकारक कचरे का वैज्ञानिक निस्तारण भी सुनिश्चित हो सकेगा।नगर पालिका अध्यक्ष श्री गोविंद वर्मा ने सभी बार्बरों से इस जनहितैषी अभियान में पूर्ण सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि व्यापारियों और नागरिकों के सम्मिलित प्रयासों से ही स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित लोहाघाट के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। बैठक में मौजूद सभी बार्बर संचालकों ने नगर पालिका की इस पहल की सराहना की और निर्धारित व्यवस्था के अनुसार पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।इस दौरान नगर पालिका लोहाघाट के कार्मिक सहित अन्य उपस्थित रहे।

kamal bhandari editor in chief ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *