अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां तेज, 17 जून को आयोजित होगी ‘रन फॉर योग’ मैराथन

स्वस्थ जीवनशैली और योग के प्रति जागरूकता का संदेश देगी दौड़, अधिकाधिक सहभागिता की अपील

चम्पावत।12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में जनपद चम्पावत में योग एवं स्वास्थ्य के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 17 जून को ‘रन फॉर योग’ मैराथन का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम आयुर्वेदिक एवं यूनानी सेवाएं, उत्तराखंड द्वारा एवं जनपद में जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशन में आयोजित किया जा रहा है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मैराथन प्रातः 06:30 बजे पुलिस लाइन, चम्पावत से प्रारम्भ होकर गोरलचौड़ मैदान तक आयोजित की जाएगी। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न विभागों के कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं तथा युवाओं की व्यापक सहभागिता रहेगी।

जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी ने बताया कि ‘रन फॉर योग’ का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा योग को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना है। योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवनशैली का आधार है। इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए यह आयोजन किया जा रहा है।

उन्होंने जनपदवासियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, युवा संगठनों एवं विद्यार्थियों से अधिकाधिक संख्या में प्रतिभाग करने की अपील करते हुए कहा कि सभी नागरिक निर्धारित समय पर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर इस जन-जागरूकता अभियान को सफल बनाएं तथा योगमय और स्वस्थ समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *