चंपावत
*नशामुक्त भारत अभियान’ के 6 वर्ष पूर्ण होने पर 18 अगस्त को आयोजित होगा राष्ट्रीय शपथ समारोह,
जिलाधिकारी ने दिए व्यापक आयोजन के निर्देश*नशामुक्त भारत अभियान के 6वें वर्ष में प्रवेश करने के सुअवसर पर भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के क्रम में आगामी 18 अगस्त, 2026 को “नशीली दवाओं के दुरूपयोग के खिलाफ राष्ट्रीय शपथ समारोह” का आयोजन किया जाएगा। जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि इस विशेष अवसर पर जनपदभर में जनमानस को मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और नशे के खिलाफ एक निर्णायक संदेश देने के लिए व्यापक स्तर पर विभिन्न जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी।जिलाधिकारी ने बताया कि कार्यक्रम के तहत जनपद के सभी सरकारी व गैर-सरकारी संस्थानों, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में ऑनलाईन तथा ऑफलाईन माध्यम से नशे के विरुद्ध शपथ ग्रहण कराई जाएगी। इसके साथ ही युवा पीढ़ी को इस अभियान से जोड़ने के लिए शैक्षणिक संस्थानों के स्तर पर निबंध, चित्रकला, वाद-विवाद एवं पोस्टर प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि इन सभी कार्यक्रमों का सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि यह संदेश हर नागरिक तक पहुंचे।जिलाधिकारी ने समस्त संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि 18 अगस्त को आयोजित होने वाली सभी गतिविधियों की विस्तृत रिपोर्ट व फोटोग्राफ्स निर्धारित प्रारूप में संकलित कर उसी दिन दोपहर तक नशामुक्त भारत अभियान के अधिकृत ऐप पर अनिवार्य रूप से अपलोड करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनपद को पूर्णतः नशामुक्त बनाने के संकल्प को सिद्ध करने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ आम जनमानस, युवाओं और स्वयंसेवी संस्थाओं की सक्रिय सहभागिता अत्यंत आवश्यक है।
kamal bhandari editor in chief ।

