गोरलचौड़ मैदान में आयोजित श्रमिक कल्याण शिविर में श्रमिकों को मिला योजनाओं का लाभ*

चम्पावत,

*गोरलचौड़ मैदान में आयोजित श्रमिक कल्याण शिविर में श्रमिकों को मिला योजनाओं का लाभ*

*मा.मुख्यमंत्री श्रमिक स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के तहत आधुनिक मोबाइल मेडिकल यूनिट का शुभारंभ**श्रमिक परिवारों को मिलेगी 44 प्रकार की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा*माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के श्रमिकों के कल्याण के निर्देशों के क्रम में उत्तराखण्ड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड (UKBOCW) द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र पंजीकृत निर्माण श्रमिकों एवं उनके आश्रितों तक पहुंचाने के उद्देश्य से शनिवार को गोरलचौड़ मैदान, चम्पावत में श्रमिक कल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने की। कार्यक्रम में दर्जा राज्य मंत्री श्री श्याम नारायण पाण्डेय मुख्य अतिथि तथा दर्जा राज्य मंत्री श्रीमती हेमा जोशी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।शिविर के दौरान मुख्यमंत्री श्रमिक स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत आधुनिक मोबाइल मेडिकल यूनिट का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा किया गया। इस मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से श्रमिकों एवं उनके परिवारजनों को 44 प्रकार की स्वास्थ्य जांच सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया जाएगा। जांच के उपरांत लाभार्थियों को डिजिटल माध्यम से शीघ्र स्वास्थ्य रिपोर्ट उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की गई है। मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को श्रमिक परिवारों के अधिक निकट पहुंचाने में मदद मिलेगी।श्रमिक कल्याण शिविर में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों एवं उनके आश्रितों को बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। इस दौरान ममता देवी, सुनीता जोशी, हेमा जोशी, गंगा देवी, रेखा देवी, विनीता महर, पुष्पा देवी, संगीता देवी सहित अन्य पंजीकृत श्रमिक परिवारों को मुख्यमंत्री श्रमिक स्वास्थ्य सुरक्षा योजना, मुख्यमंत्री शिक्षण सामग्री योजना एवं मुख्यमंत्री स्वच्छता सामग्री योजना सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया गया।शिविर में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों एवं उनके आश्रितों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इसके साथ ही कक्षा 1 से 12 तक अध्ययनरत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को निःशुल्क शिक्षण सामग्री (एजुकेशन किट) तथा पात्र श्रमिकों को स्वच्छता सामग्री (हाइजीन किट) वितरित की गई। शिविर में श्रमिकों को बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण एवं सत्यापन भी किया गया।दर्जा राज्य मंत्री श्री श्याम नारायण पाण्डेय ने श्रमिकों की ओर से माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि श्रमिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए राज्य सरकार द्वारा निरंतर महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिक मोबाइल मेडिकल यूनिट जनपद के श्रमिक परिवारों को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में श्रमिकों के हित में किए जा रहे ऐसे प्रयासों से श्रमिक परिवारों को सीधे लाभ मिल रहा है तथा उनके कल्याण को बढ़ावा मिल रहा है।दर्जा राज्य मंत्री श्रीमती हेमा जोशी ने भी माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनपद चम्पावत के विकास के साथ-साथ श्रमिकों के कल्याण के लिए भी सरकार द्वारा विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि श्रमिकों को स्वास्थ्य, शिक्षा एवं स्वच्छता जैसी मूलभूत आवश्यकताओं से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की जनकल्याणकारी सोच को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के हित में आयोजित इस प्रकार के शिविर जरूरतमंद परिवारों को योजनाओं का लाभ दिलाने में प्रभावी माध्यम हैं।माननीय मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार श्रमिक कल्याण शिविर की समस्त प्रक्रिया पारदर्शी एवं डिजिटल माध्यम से संचालित की गई। लाभार्थियों का पंजीकरण एवं सत्यापन, सामग्री वितरण, फोटोग्राफी, जीपीएस आधारित उपस्थिति तथा अन्य आवश्यक अभिलेख ऑनलाइन प्रणाली के माध्यम से दर्ज किए गए। इससे योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता सुनिश्चित होने के साथ ही पात्र श्रमिकों तक योजनाओं का लाभ प्रभावी एवं समयबद्ध ढंग से पहुंचाने में मदद मिलेगी।जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने शिविर में उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्र श्रमिकों एवं उनके परिवारों तक पहुंचाना प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र श्रमिकों को योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ ही उन्हें लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग दिया जाए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा एवं स्वच्छता से जुड़ी सुविधाएं श्रमिक परिवारों के जीवन स्तर में सुधार लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।शिविर में श्रमिकों एवं उनके आश्रितों ने योजनाओं का लाभ मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मा. मुख्यमंत्री जी का आभार जताया।इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रेमा पाण्डेय, विधायक प्रतिनिधि श्री प्रकाश तिवारी, ब्लॉक प्रमुख श्रीमती अंचला बोहरा, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री रमेश भट्ट, मुख्य विकास अधिकारी डॉ जीएस खाती, जिला विकास अधिकारी श्री दिनेश दिगारी, सहायक श्रम आयुक्त श्री दीपक कुमार, श्रम प्रवर्तन अधिकारी श्री देवेश पांडे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में पंजीकृत निर्माण श्रमिक उपस्थित रहे।

kamal bhandari editor in chief ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *