चंपावत ,
*मौसम विभाग के रेड अलर्ट के चलते चम्पावत में 26 सितम्बर को विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश*
भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार दिनांक 26 सितम्बर, 2026 को जनपद चम्पावत के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी तथा अत्यंत भारी वर्षा की संभावना जताते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। जनपद में अतिवृष्टि के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए अपर जिलाधिकारी/मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण श्री कृष्ण नाथ गोस्वामी ने कहा *आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के तहत छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के दृष्टिगत दिनांक 26 सितम्बर, 2026 (शनिवार) को जनपद चम्पावत के अंतर्गत कक्षा 01 से 12 तक संचालित समस्त शासकीय, परिषदीय, सहायता प्राप्त व मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों एवं समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है।* अपर जिलाधिकारी श्री कृष्ण नाथ गोस्वामी ने बताया कि व्यापक छात्रहित और शैक्षणिक निरंतरता को बनाए रखने के उद्देश्य से विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में पठन-पाठन का कार्य ऑनलाइन माध्यम से संपादित किया जाएगा। उन्होंने इस आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराने हेतु मुख्य शिक्षा अधिकारी, चम्पावत एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी, चम्पावत को आवश्यक निर्देश दिए हैं।
kamal bhandari editor in chief ।

