चम्पावत,
*मा.मुख्यमंत्री पलायन रोकथाम योजना के तहत मंच क्षेत्र के किसानों को 50 मौन बक्से वितरित*
*किसानों को वैज्ञानिक मधुमक्खी पालन और शहद उत्पादन की दी जानकारी*माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार बढ़ाने और पलायन रोकने के संकल्प के क्रम में, जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के मार्गदर्शन में उद्यान विभाग ने बुधवार को मंच क्षेत्र के ग्राम दमतोला के रमेला तोक में किसानों को 50 मौन बक्से वितरित किए। मुख्यमंत्री पलायन रोकथाम योजना के तहत किए गए इस वितरण का उद्देश्य किसानों को स्थानीय स्तर पर मधुमक्खी पालन शुरू करने और अपनी आय बढ़ाने में सहयोग देना है।चम्पावत की उद्यान प्रभारी श्रीमती निधि जोशी ने किसानों को मौन बक्से वितरित किए। उन्होंने किसानों को वैज्ञानिक तरीके से मधुमक्खी पालन, मौनवंश के प्रबंधन, मधुमक्खियों की देखभाल और शहद उत्पादन की जानकारी दी। उन्होंने किसानों को खेती के साथ मधुमक्खी पालन को भी स्वरोजगार के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित किया।जिला उद्यान अधिकारी योगेश भट्ट ने बताया कि पर्वतीय क्षेत्रों में शहद उत्पादन किसानों के लिए अतिरिक्त आय का जरिया बन सकता है। मधुमक्खियों से परागण बेहतर होता है, जिससे फल, सब्जी और अन्य फसलों की पैदावार बढ़ाने में भी मदद मिलती है।उन्होंने कहा कि उद्यान विभाग जनपद के दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में मधुमक्खी पालन जैसी आय बढ़ाने वाली गतिविधियों को प्रोत्साहित कर रहा है। इससे ग्रामीण परिवारों को अपने गांव में ही स्वरोजगार के अवसर मिल सकेंगे और पलायन रोकने के प्रयासों को बल मिलेगा।
kamal bhandari editor in chief

