“कल शिकायत, आज समाधान: अंजली को मिला जीजीआईसी लोहाघाट में प्रवेश”

“जिलाधिकारी की तत्परता से दिव्यांग बालिका को मिला शिक्षा का अधिकार और वात्सल्य योजना का लाभ”

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशन में चम्पावत जनपद में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम अब त्वरित और प्रभावी समाधान का सशक्त माध्यम बनता जा रहा है।

“आज शिकायत, आज समाधान” की कार्यसंस्कृति को चरितार्थ करते हुए एक संवेदनशील मामले में प्रशासन ने सराहनीय पहल की है।

विगत दिवस आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में ग्राम फोर्ती, लोहाघाट निवासी श्रीमती शोभा सुतेड़ी ने अपनी पुत्री अंजली सुतेड़ी के संबंध में एक भावुक प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया।

उन्होंने अवगत कराया कि अंजली जन्म से ही 40 प्रतिशत दिव्यांग है, जिसके कारण उसे विद्यालय में प्रवेश पाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।

विद्यालय में प्रवेश न होने से न केवल उसकी शिक्षा बाधित हो रही थी, बल्कि मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के अंतर्गत मिलने वाली सहायता के लिए आवश्यक स्कूल एंट्री भी नहीं हो पा रही थी।

मामले की गंभीरता को समझते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल मुख्य शिक्षा अधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए मात्र एक दिन के भीतर अंजली का प्रवेश राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (GGIC) लोहाघाट में सुनिश्चित कर दिया गया।

इसके साथ ही, बालिका को मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना का लाभ निर्बाध रूप से प्राप्त हो सके, इसके लिए आवश्यक सभी औपचारिकताएं भी शीघ्र पूर्ण कर दी गईं।

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े प्रत्येक व्यक्ति को मुख्यधारा से जोड़ना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता मिलन में प्राप्त ऐसी संवेदनशील शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *