चंपावत
*बरसात के मौसम में जलजनित रोगों की रोकथाम हेतु स्वास्थ्य विभाग सतर्क, समस्त प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को जारी हुए निर्देश*
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशानुसार मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान द्वारा जनपद चम्पावत के समस्त प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को बरसात के मौसम में जलजनित रोगों की रोकथाम एवं प्रभावी नियंत्रण हेतु व्यापक निरोधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए गए हैं।मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि उपकेंद्रों के अधीन आने वाले पेयजल स्रोतों जैसे नौले, धारे एवं कुओं से एक-एक लीटर पानी का सैंपल लेकर स्थानीय पेयजल संस्थान से अनिवार्य रूप से परीक्षण करवाया जाए। इसके साथ ही, आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से लीकेज पेयजल लाइनों की जानकारी जुटाकर पेयजल संस्थान को उपलब्ध कराई जाएगी ताकि पेयजल में दूषित पानी के मिश्रण को रोका जा सके। खुले पेयजल स्रोतों के पानी का उपयोग करने वाले प्रत्येक परिवार को क्लोरीन टेबलेट वितरित करने तथा उसके सही प्रयोग की जानकारी देने के निर्देश भी दिए गए हैं।मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जल स्रोतों के आसपास सफाई सुनिश्चित करने और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव करने के लिए ग्राम स्वच्छता समितियों का सहयोग लिया जाएगा। साथ ही, आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम और सीएचओ के माध्यम से ग्रामीण स्तर पर शुद्ध पेयजल के प्रयोग हेतु व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।यदि क्षेत्र में जल संक्रमण की कोई भी सूचना प्राप्त होती है, तो उसे तत्काल मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, जिला सर्विलांस कार्यालय या जल संस्थान/जल निगम को उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त, सभी स्वास्थ्य संस्थानों और उपकेंद्र स्तर तक दूषित जल एवं मौसमी बीमारियों के इलाज के लिए आवश्यक औषधियों की पर्याप्त व्यवस्था व भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
kamal bhandari editor in chief ।

