किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने के निर्देश, जिलाधिकारी ने की समीक्षा

जिला स्तरीय टास्क फोर्स बैठक में उर्वरक आपूर्ति व कालाबाजारी पर सख्त निगरानी के निर्देश

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई, जिसमें जनपद में उर्वरकों (फर्टिलाइजर) की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था एवं कालाबाजारी पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि उर्वरकों की आपूर्ति एवं वितरण प्रणाली की सतत मॉनिटरिंग की जाए तथा किसी भी स्तर पर कालाबाजारी या अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसानों को समय पर और उचित दरों पर उर्वरक उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में आयोजित इस बैठक में कृषि, पुलिस एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।

जिलाधिकारी ने सशस्त्र सीमा बल (SSB) के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में उर्वरकों की अवैध आवाजाही एवं कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए सघन अभियान चलाते हुए नियमित जांच सुनिश्चित करें।

बैठक में अवगत कराया गया कि वर्तमान में जनपद में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है। जिलाधिकारी ने कृषि एवं सहकारिता विभाग को निर्देश दिए कि मांग के अनुरूप उर्वरकों की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, जिससे किसानों को किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, उपजिलाधिकारी अनुराग आर्या सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं SSB के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *