75 लाख की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार, चम्पावत पुलिस का ऑपरेशन प्रहार जारी!

उत्तराखंड के चम्पावत से इस वक्त की बड़ी खबर…

चम्पावत। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान’ के तहत चम्पावत पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 253 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 75 लाख रुपये बताई जा रही है। आरोपी के कब्जे से बिना नंबर प्लेट की बाइक, नकदी और मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।

जनपद चम्पावत में नशे के कारोबार पर लगातार शिकंजा कसते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में संचालित ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत टनकपुर क्षेत्र में संयुक्त पुलिस टीम ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान मनिहारगोठ क्षेत्र में रेलवे पटरी के समीप एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान युवक के कब्जे से 253 ग्राम अवैध स्मैक (हेरोइन) बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 75 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से तस्लीम मंसूरी (21 वर्ष), निवासी बनबसा को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, 900 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जनपद से स्मैक लाकर क्षेत्र के युवाओं तक पहुंचाने का काम करता था। पुलिस ने मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश तेज कर दी है और उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच शुरू कर दी गई है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ कोतवाली टनकपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/29/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

चम्पावत पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जनपद में नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान’ के तहत कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। चम्पावत पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशे से जुड़ी किसी भी सूचना को तत्काल पुलिस अथवा हेल्पलाइन नंबर 1933 पर साझा करें।

चम्पावत पुलिस की बड़ी कार्रवाई
253 ग्राम स्मैक बरामद, कीमत 75 लाख
ऑपरेशन प्रहार के तहत तस्कर गिरफ्तार
नशे के नेटवर्क की जांच तेज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *