टनकपुर-बनबसा को मिली विकास की बड़ी सौगात

20 किमी ग्रामीण सड़कों के लिए ₹4.38 करोड़ मंजूर

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की विकास सोच को मिली रफ्तार, योजनाएं दिख रही हैं धरातल पर

चम्पावत। चम्पावत जिले के टनकपुर और बनबसा क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में विभिन्न विकास योजनाओं और निर्माण कार्यों के लिए 42 करोड़ रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। इसके तहत चम्पावत विधानसभा क्षेत्र के टनकपुर और बनबसा के ग्रामीण इलाकों में 10-10 किलोमीटर आंतरिक सड़कों के निर्माण के लिए 4 करोड़ 38 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। लंबे समय से बदहाल सड़कों और अधूरे विकास कार्यों की समस्या से जूझ रहे टनकपुर और बनबसा के ग्रामीण क्षेत्रों को अब बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जगी है।

मुख्यमंत्री की इस स्वीकृति के बाद धरातल पर उतरने का रास्ता साफ हो गया है। जिला प्रशासन के स्तर पर भी विकास कार्यों को गति देने के प्रयास लगातार जारी हैं। जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशन में जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। ऐसे में नई सड़कों के निर्माण से ग्रामीणों की आवाजाही आसान होगी, संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी और स्थानीय विकास को नई दिशा मिलेगी।

सरकार का दावा है कि विकास योजनाओं की यह रफ्तार आने वाले समय में चम्पावत जिले के ग्रामीण क्षेत्रों की तस्वीर बदलने में अहम भूमिका निभाएगी। फिलहाल टनकपुर और बनबसा के लोगों को उम्मीद है कि वर्षों से लंबित उनकी समस्याओं का समाधान अब तेजी से होता दिखाई देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *