चंपावत ,
*खाद्य सुरक्षा विभाग का लोहाघाट क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान; एक्सपायर्ड सामग्री नष्ट, 04 नमूने लैब भेजे गए*
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशों के अनुपालन में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु मंगलवार को लोहाघाट क्षेत्र के मीना मार्केट, हथ रंगिया तथा पिथौरागढ़ रोड आदि क्षेत्रों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी जनरल स्टोर एवं आइसक्रीम खाद्य प्रतिष्ठानों का गहन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान गुणवत्ता की जांच हेतु दलिया, मैकरोनी, बिस्कुट एवं तेल आदि विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल 04 नमूने संगृहीत कर राजकीय प्रयोगशाला को भेजे जा रहे हैं, जिनकी जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।कार्रवाई के दौरान एक आइसक्रीम विक्रेता के प्रतिष्ठान में एक्सपायर्ड फूड कलर एवं एक्सपायर्ड फ्लेवर पाए जाने पर उक्त हानिकारक सामग्री तथा मौके पर तैयार पाई गई चार बकेट आइसक्रीम को जनहित में तत्काल नष्ट कराया गया। संबंधित विक्रेता को नोटिस निर्गत करते हुए चार दिवस के भीतर संतोषजनक स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है, उत्तर असंतोषजनक पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके अतिरिक्त, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने सभी खाद्य कारोबारियों को अनिवार्य रूप से FSSAI लाइसेंस बनवाने एवं उसे प्रतिष्ठान में प्रदर्शित करने, खाद्य सामग्री की उच्च गुणवत्ता बनाए रखने तथा कालातीत पदार्थों के विक्रय पर विशेष सावधानी बरतने के कड़े निर्देश दिए। इस चेकिंग टीम में सहायक दिनेश फर्त्याल सम्मिलित रहे।
kamal bhandari editor in chief ।

