चंपावत में हादसे के बाद छात्र सोमेंद्र सिंह बोहरा को नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई

चंपावत। गोरल चौड़ मैदान में खेल प्रतियोगिता के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले छात्र सोमेंद्र सिंह बोहरा का आज लधियाघाटी क्षेत्र में अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान परिजनों, ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने गमगीन माहौल में उन्हें अंतिम विदाई दी।

जिलाधिकारी मनीष कुमार भी लधियाघाटी पहुंचकर शोक संतप्त परिवार से मिले और दिवंगत छात्र को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए परिवार को हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।

जानकारी के अनुसार, सोमेंद्र सिंह बोहरा चंपावत में पॉलीटेक्निक का छात्र था। शनिवार को गोरल चौड़ मैदान में आयोजित वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता के दौरान एक खिलाड़ी द्वारा फेंका गया भाला अनियंत्रित होकर उनके गले में लग गया। घायल अवस्था में उन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए खेल आयोजनों में सुरक्षा मानकों को और सख्त बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *