चम्पावत ,
*चम्पावत में आधुनिक मौसम निगरानी प्रणाली से किसानों को मिलेगा सटीक मौसम पूर्वानुमान का लाभ*
जनपद चम्पावत में किसानों को ग्राम स्तर पर सटीक मौसम संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भारत सरकार की महत्वाकांक्षी परियोजना WINDS (Weather Information Network and Data System) परियोजना के अंतर्गत आधुनिक मौसम निगरानी प्रणाली स्थापित की जा रही है। जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशों के क्रम में जिला उद्यान अधिकारी योगेश भट्ट ने जानकारी देते हुये बताया कि इसके तहत जनपद के चारों विकासखण्डों में 04 ऑटोमैटिक वेदर स्टेशन (AWS) स्थापित किए जाएंगे, जिनकी स्थापना का कार्य 15 अगस्त तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।इसके अतिरिक्त जनपद की सभी 314 ग्राम पंचायतों में ऑटोमैटिक रेन गेज (ARG) स्थापित किए जाएंगे। वर्तमान में अनेक ग्राम पंचायतों में भूमि चयन का कार्य प्रगति पर है तथा सभी ग्राम पंचायतों में भूमि चयन अगस्त माह के अंत तक पूर्ण कर लिया जाएगा।इस परियोजना के माध्यम से प्रत्येक क्षेत्र का सूक्ष्म स्तर (Micro-level) पर मौसम का आंकलन संभव होगा। पर्वतीय क्षेत्रों में कम दूरी पर भी मौसम में होने वाले बदलावों को ध्यान में रखते हुए ग्राम स्तर पर तापमान, वर्षा, आर्द्रता, हवा की गति एवं दिशा जैसे आंकड़े स्वतः दर्ज होंगे। इससे किसानों को अपने क्षेत्र के अनुरूप अधिक सटीक मौसम पूर्वानुमान प्राप्त होगा और वे बुवाई, सिंचाई, उर्वरक एवं कीटनाशक के प्रयोग तथा फसल कटाई जैसे महत्वपूर्ण कृषि निर्णय समय पर और वैज्ञानिक आधार पर ले सकेंगे।यह प्रणाली प्राकृतिक आपदाओं एवं प्रतिकूल मौसम की स्थिति में भी अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी। किसी क्षेत्र विशेष में अत्यधिक वर्षा, ओलावृष्टि अथवा अन्य मौसमीय घटनाओं का स्थानीय स्तर पर प्रमाणिक डेटा उपलब्ध होने से फसल क्षति के आकलन में अधिक सटीकता आएगी तथा प्रभावित किसानों को राहत एवं मुआवजा प्रदान करने की प्रक्रिया भी अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बन सकेगी।उद्यान विभाग के अनुसार WINDS परियोजना जलवायु अनुकूल कृषि को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे किसानों को वैज्ञानिक एवं वास्तविक समय की मौसम जानकारी उपलब्ध होगी तथा बदलती जलवायु परिस्थितियों में कृषि को अधिक सुरक्षित, लाभकारी एवं टिकाऊ बनाया जा सकेगा।
kamal bhandari editor in chief ।

