राजकीय महाविद्यालय अमोड़ी, चम्पावत (क्षेत्र पिथौरागढ़ के अन्तर्गत अध्ययन केंद्र 18037, परीक्षा केंद्र 85, अमोड़ी) में दिनांक 17 अप्रैल 2026 को उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के स्वागत एवं मार्गदर्शन हेतु दीक्षारंभ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रातः 11:00 बजे महाविद्यालय परिसर में संपन्न हुआ, जिसमें यूओयू में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के साथ-साथ महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय रूप से प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का संचालन समन्वयक डॉ. डी. के. गुप्ता द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को महाविद्यालय का परिचय, महाविद्यालय एवं यूओयू की वेबसाइट, प्रशासनिक व्यवस्था तथा विषयवार प्राध्यापकों से अवगत कराया गया। इस अवसर पर डॉ. अर्चना वर्मा (हिन्दी), डॉ. डी. के. गुप्ता (अर्थशास्त्र), डॉ. संजय कुमार (राजनीति विज्ञान), डॉ. रंजना सिंह (अंग्रेजी), श्रीमती पुष्पा (इतिहास), डॉ. अतुल कुमार मिश्र (संस्कृत), श्री संजय कुमार गंगवार (शिक्षाशास्त्र) एवं श्री हरीश ओझा (योग), सहित महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. (डॉ.) अजिता दीक्षित का परिचय तथा उनकी प्रशासनिक कार्यप्रणाली के बारे में विद्यार्थियों को जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को यूओयू में स्नातक व स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया, अध्ययन केंद्र की कार्यप्रणाली, शिक्षार्थी सहायता सेवाएँ, पाठ्यक्रम सामग्री (प्रिंट एवं ई-स्टडी मैटेरियल), परामर्श सत्रों की जानकारी, परीक्षा प्रणाली एवं असाइनमेंट प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। इसके साथ ही उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के हेल्पडेस्क, वनव्यू पोर्टल, ई-बुक एवं प्रिंट बुक, असाइनमेंट, बैक पेपर फॉर्म एवं परीक्षा केंद्र से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी साझा की गई। साथ ही समस्त प्राध्यापकों द्वारा विद्यार्थियों को अपने-अपने विषयों से संबंधित पाठ्यक्रमों एवं सत्रों के बारे में जानकारी दी गई।
समन्वयक डॉ. डी. के. गुप्ता ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन तथा विश्वविद्यालय की सुविधाओं का समुचित उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में प्रभारी प्राचार्य डॉ. अर्चना वर्मा ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के महत्व को समझते हुए आत्मनिर्भरता की दिशा में अग्रसर होने हेतु प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में बृजेश जोशी, किरन नेगी, आशा नेगी एवं हंसा भट्ट ने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से उन्हें सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर समग्र जानकारी प्राप्त हुई जो आवश्यक थी। इस अवसर पर श्री हरीश चन्द्र जोशी, श्री दशरथ बोहरा एवं श्री दिनेश रावत का विशेष सहयोग रहा।

