अमोड़ी क्षेत्र में ‘सुरक्षित दवा सुरक्षित जीवन’ अभियान के तहत मेडिकल स्टोरों पर पड़ा छापा, गंभीर अनियमितताओं पर 02 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबन की संस्तुति*

चंपावत

जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशानुसार जनस्वास्थ्य की सुरक्षा और दवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को चम्पावत तहसील के अमोड़ी क्षेत्र में प्रशासन द्वारा एक विशेष अभियान चलाया गया। सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चम्पावत भवदीप रावते के नेतृत्व में औषधि नियंत्रण विभाग, विधिक सेवा प्राधिकरण तथा पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने ‘सुरक्षित दवा सुरक्षित जीवन’ अभियान के अंतर्गत क्षेत्र के विभिन्न मेडिकल प्रतिष्ठानों पर औचक निरीक्षण की प्रभावी कार्यवाही की।कार्रवाई के दौरान संयुक्त टीम द्वारा कुल 03 मेडिकल प्रतिष्ठानों की गहन जांच की गई। निरीक्षण के दौरान मा सचिव ने मेडिकल स्वामियों को औषधियों के सही रखरखाव व भंडारण, एक्सपायर्ड दवाओं को मुख्य स्टॉक से अलग रखने तथा उनका उचित निस्तारण सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए। जांच के क्रम में 02 मेडिकल प्रतिष्ठानों पर गंभीर अनियमितताएं पाई गईं, जिस पर तत्काल संज्ञान लेते हुए औषधि निरीक्षक हर्षिता द्वारा दोनों मेडिकल स्टोरों के लाइसेंस निलंबित करने की संस्तुति की गई। इसके साथ ही जनस्वास्थ्य को सर्वोपरि रखते हुए इन फार्मों से होने वाले दैनिक क्रय-विक्रय पर भी तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई।अभियान के दौरान औषधि निरीक्षक ने सभी मेडिकल स्वामियों को लाइसेंस की शर्तों का शत-प्रतिशत अनुपालन करने के सख्त निर्देश दिए। साथ ही प्रतिष्ठान स्वामियों को यह भी स्पष्ट किया गया कि बिना डॉक्टर के परामर्श के मरीजों को एंटीबायोटिक्स दवाएं कतई न दी जाएं। इसके अतिरिक्त सचिव महोदय द्वारा नशा मुक्त भारत अभियान के तहत आम जनमानस को जागरूक करते हुए ‘मानस’ पोर्टल तथा टोल-फ्री नंबर 1933 के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया गया।इस निरीक्षण अभियान दल में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण भवदीप रावते, औषधि निरीक्षक हर्षिता, पुलिस प्रशासन से कांस्टेबल कुलदीप कुमार व कमल नाथ गोस्वामी तथा विधिक सेवा प्राधिकरण से रमेश चन्द्र गौतम एवं सुनील खर्कवाल प्रमुख रूप से शामिल रहे।

kamal bhandari editor in chief ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *