चंपावत में 10 सितंबर को भव्य रूप से मनाई जाएगी भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती, तैयारियों को लेकर बैठक संपन्न*

चंपावत

*चंपावत में 10 सितंबर को भव्य रूप से मनाई जाएगी भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती, तैयारियों को लेकर बैठक संपन्न*

महान स्वतंत्रता सेनानी एवं भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की आगामी 10 सितंबर को 139वीं जयंती संपूर्ण चंपावत जनपद में गरिमामय एवं भव्य रूप से मनाई जाएगी। इस संबंध में शनिवार को जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण तैयारी बैठक संपन्न हुई। बैठक में पंत फाउंडेशन के प्रतिनिधियों, विभिन्न विभागीय अधिकारियों तथा जयंती आयोजन समिति के सदस्यों ने प्रतिभाग कर कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की।बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद के समस्त क्षेत्रों में स्थापित पंडित पंत की प्रतिमाओं एवं स्थलों की साफ-सफाई, रंग-रोगन तथा सुदृढ़ प्रकाश व्यवस्था जयंती से पूर्व अनिवार्य रूप से पूर्ण कर ली जाए। मुख्य समारोह के अंतर्गत प्रातः 10 बजे जिला कलेक्ट्रेट परिसर में कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसके उपरांत प्रातः 10:30 बजे नगर पालिका चंपावत स्थित पंत पार्क में स्थापित प्रतिमा पर माल्यार्पण कर ऑडिटोरियम में मुख्य सांस्कृतिक एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा।इस अवसर पर जिले के समस्त शासकीय, अर्द्धशासकीय, स्वास्थ्य एवं शैक्षणिक संस्थानों में पंडित जी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए जाएंगे। साथ ही उत्तराखंड संस्कृति विभाग द्वारा पंत जी के जीवन वृत्त, स्वतंत्रता संग्राम में उनके अप्रतिम योगदान, सामाजिक दर्शन एवं देशभक्ति पर आधारित एक विशेष प्रदर्शनी का आयोजन भी किया जाएगा।शिक्षा विभाग को विद्यालयों में भाषण, निबंध, वाद-विवाद तथा विचार गोष्ठी जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं के सफल संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों, खंड विकास अधिकारियों एवं नगर निकाय प्रभारियों को निर्देश दिए कि सुरक्षा, स्वच्छता तथा अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जाएं। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जीएस खाती, उप जिलाधिकारी चंपावत विपिन चंद्र पंत, मुख्य शिक्षा अधिकारी मानसिंह सहित पंत फाउंडेशन के संयोजक शंकर पांडे, सदस्य गौरव पांडे, नंदन तड़ागी एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

kamal bhandari editor in chief ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *