टीबी हारेगा, प्रदेश जीतेगा’ अभियान: चम्पावत में हैंड हेल्ड एक्स-रे मशीनों से होगी टीबी की त्वरित जांच, स्वास्थ्य विभाग को ₹5.76 लाख का बजट स्वीकृत*

चम्पावत

*’टीबी हारेगा, प्रदेश जीतेगा’ अभियान: चम्पावत में हैंड हेल्ड एक्स-रे मशीनों से होगी टीबी की त्वरित जांच, स्वास्थ्य विभाग को ₹5.76 लाख का बजट स्वीकृत*

राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम (NTEP) के तहत ‘टीबी मुक्त भारत अभियान’ और ‘टीबी हारेगा, प्रदेश जीतेगा’ संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से चम्पावत जिले में टीबी नियंत्रण एवं जांच प्रणाली को अधिक सुदृढ़ और आधुनिक बनाया जा रहा है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM), उत्तराखण्ड द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जिले को ₹5.76 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है।इस संबंध में जानकारी देते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ देवेश चौहान ने बताया कि क्षय रोग (टीबी) के बढ़ते संक्रमण को रोकने और इसके समय पर प्रभावी इलाज के लिए शुरुआती स्तर पर पहचान होना बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि कई बार मरीजों में टीबी के स्पष्ट लक्षण दिखाई नहीं देते, जिससे संक्रमण अनजाने में दूसरों में फैल जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिले के कठिन व दूरस्थ क्षेत्रों में पोर्टेबल हैंड हेल्ड एक्स-रे (HH X-Ray) मशीनों का उपयोग किया जाएगा। यह आधुनिक और हल्की मशीनें गांव-गांव पहुंचकर लक्षणरहित व संवेदनशील आबादी की शत-प्रतिशत स्क्रीनिंग करने में सक्षम हैं। योजना को और अधिक गति देने के लिए एक्स-रे तकनीशियनों को प्रति एक्स-रे जांच ₹10 की प्रोत्साहन राशि आउटपुट-बेस्ड मानदेय के रूप में दी जाएगी, जिससे शत-प्रतिशत स्क्रीनिंग का लक्ष्य हासिल किया जा सके।जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने स्वास्थ्य सहित अन्य संबंधित विभागों को निर्देश देते हुए कहा कि जिले के सभी दुर्गम क्षेत्रों में हैंड हेल्ड एक्स-रे मशीनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य टीमें घर-घर और दूर-दराज के इलाकों में जाकर संदिग्ध व संवेदनशील वर्गों की सघन जांच करें, ताकि एक भी संभावित मरीज छूटने न पाए। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जांच के दौरान वित्तीय एवं प्रशासनिक नियमों का पूर्ण अनुपालन किया जाए तथा जिन मरीजों में टीबी की पुष्टि होती है, उन्हें तत्काल निशुल्क दवाएं और पोषण सहायता उपलब्ध कराई जाए।

kamal bhandari editor in chief ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *