चंपावत
युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग के तत्वावधान में आयोजित होने वाले ‘मुख्यमंत्री चैम्पियन ट्रॉफी खेल महाकुंभ 2026-27’ के सफल एवं सुचारू एवं सफल संचालन हेतु शुक्रवार को जिला कार्यालय सभागार में अपर जिलाधिकारी कृष्ण नाथ गोस्वामी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने खेल महाकुंभ के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा खेल स्थलों पर प्राथमिक चिकित्सा (फर्स्ट एड) व एम्बुलेंस की तैनाती रखने तथा सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल तैनात किए जाने हेतु संबंधितों को निर्देशित किया। इसके साथ ही उन्होंने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को खेल मैदानों में निरंतर साफ-सफाई रखने तथा जल संस्थान को टैंकरों के माध्यम से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।बैठक के दौरान जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी जसवंत खड़ायत ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश में खेलों के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार करने, युवाओं व दिव्यांगजनों को खेलों से जोड़ने, नशामुक्त उत्तराखंड के निर्माण तथा ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ को ग्राम पंचायत स्तर तक क्रियान्वित करने के उद्देश्य से त्रिस्तरीय प्रतियोगिताओं की घोषणा कर दी गई है।त्रिस्तरीय प्रतियोगिताओं की शृंखला में सर्वप्रथम न्याय पंचायत स्तरीय स्थानीय जनप्रतिनिधि प्रतियोगिता का आयोजन 01 से 10 सितम्बर 2026 तक किया जाएगा, जिसमें अण्डर-14 व अण्डर-19 आयु वर्ग के बालक-बालिका कबड्डी, खो-खो, मुर्गा झपट तथा एथलेटिक्स की विविध स्पर्धाओं में भाग लेंगे। तत्पश्चात विधानसभा क्षेत्र स्तरीय ‘विधायक चैम्पियनशिप ट्रॉफी’ का आयोजन 11 से 20 सितम्बर 2026 तक होगा, जिसमें न्याय पंचायत से चयनित खिलाड़ी कबड्डी, एथलेटिक्स, वॉलीबॉल व पिट्टू में प्रतिभाग करेंगे। तृतीय चरण में संसदीय क्षेत्र स्तरीय ‘सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी’ 21 से 30 सितम्बर 2026 के मध्य आयोजित होगी, जिसमें पारंपरिक खेल जैसे मलखम्ब, रस्साकसी व गोली भी शामिल रहेंगे।इसके अतिरिक्त 20 से 25 वर्ष की महिलाओं के लिए सीधे राज्य स्तर पर महिला ओपन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसमें कबड्डी, एथलेटिक्स, वॉलीबॉल, फुटबॉल, बैडमिंटन, बॉक्सिंग, जूडो, टेबल टेनिस, बास्केटबॉल, हॉकी, योगासन, लॉन टेनिस एवं बेसबॉल जैसी खेल विधाएँ शामिल हैं। वहीं दिव्यांगजन वर्ग हेतु सीधे राज्य स्तर पर एथलेटिक्स, बैडमिंटन और तैराकी स्पर्धाओं का आयोजन कर ग्रामीण व शहरी क्षेत्र की प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का बेहतरीन मंच प्रदान किया जाएगा।इसके अतिरिक्त जिला युवा कल्याण अधिकारी ने बताया कि इस महाकुंभ में दो अतिरिक्त क्रीडा विधाएं जोड़ी गई है जिसमें बेसबॉल और लॉन टेनिस शामिल है। साथ ही उन्होंने बताया कि जनपद में यह खेल स्पर्धाएं 24 न्याय पंचायत में आयोजित होगी।बैठक में मुख्य शिक्षा अधिकारी श्री मान सिंह, जिला क्रीड़ा अधिकारी श्री चंदन सिंह बिष्ट, डीपीआरओ महेश कुमार, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर बलबीर सिंह, जिला क्रीड़ा समन्वयक प्रदीप बोरा सहित वि.सी के माध्यम से कोतवाल बी.एस बिष्ट, सभी अधिशासी अधिकारी नगर पालिका, समस्त खंड विकास अधिकारी, खेल प्रशिक्षक सहित अन्य उपस्थित रहे।
Kamal Bhandari editor in chief ।

