स्वाला निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को किया निर्देशित

बरसात में यातायात बाधित न हो

चम्पावत। जनपद के डेंजर जोन स्वाला क्षेत्र में संचालित सड़क चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्यों का जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, गति एवं तकनीकी मानकों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के कड़े निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने मौके पर चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते हुए कहा कि सड़क परियोजना का उद्देश्य क्षेत्र में आवागमन को अधिक सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक बनाना है, इसलिए कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के मानकों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि जनता एवं यात्रियों को दीर्घकालिक लाभ मिल सके। मानसून अवधि में स्वाला क्षेत्र में मार्ग अवरुद्ध न हो तथा यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े, इसके लिए जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने निर्देशित किया कि संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा कार्यों, जल निकासी व्यवस्था एवं भूस्खलन रोकथाम संबंधी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समय से पूर्ण किया जाए, ताकि बरसात के दौरान यातायात सुचारु एवं सुरक्षित बना रहे। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विशेष रूप से सुरक्षा व्यवस्थाओं, निर्माण सामग्री की गुणवत्ता तथा पहाड़ी क्षेत्रों में संभावित भूस्खलन जैसी चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक तकनीकी उपाय अपनाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और यात्रियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने कहा कि निर्माण कार्यों में किसी स्तर पर लापरवाही अथवा गुणवत्ता में कमी ना हो। इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिकारी, कार्यदायी संस्था के इंजीनियर एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *